न्यू महादेव कॉलोनी के वार्ड नंबर 18 स्थित गांव रामपुर शियूरी में तीन साल से खराब पड़ी गली की मरम्मत के लिए लोगों ने खुद पहल की है। प्रशासन से कई बार गुहार लगाने के बावजूद समाधान नहीं हुआ तो कॉलोनीवासियों ने आपस में पैसे इकट्ठा कर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया।
लोगों के अनुसार गली की हालत खराब होने से छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आने-जाने में परेशानी होती थी। खराब रास्ते के कारण कई लोग दुर्घटनाओं का शिकार भी हो चुके थे। इसके बावजूद प्रशासन ने समस्या का समाधान नहीं किया।
इसके बाद समाजसेवी बबली रावत, मंजीत सैनी, एडवोकेट दीपू सैनी, खिमानंद, सुरेंद्र, खालिद, प्रिंस यादव, नैंसी, सपना, रजनी, ललिता और अन्य लोगों ने मिलकर गली का निर्माण करवाने का निर्णय लिया।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि बुनियादी सुविधा के लिए भी उन्हें अपनी जेब से पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। प्रशासन समय रहते कार्रवाई करता तो उन्हें यह कदम नहीं उठाना पड़ता।