संवाद न्यूज एजेंसीपंचकूला। सेक्टर-14 स्थित किसान भवन के सामने बने सरकारी क्वार्टर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। क्राइम ब्रांच-19 की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपक निवासी अभयपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया है।
पीड़ित प्रवीण ने थाना सेक्टर-14 में दी शिकायत में बताया था कि 22 नवंबर 2025 को वह अपनी पत्नी के साथ दोपहर करीब 12 बजे घर पर ताला लगाकर मोहाली पेपर देने गए थे। शाम करीब चार बजे जब वे लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी से 12 हजार रुपये नकद, 10 ग्राम, 8 ग्राम व 5 ग्राम के सोने के सिक्के, 10 ग्राम की सोने की अंगूठी और एक चांदी की पाजेब गायब मिली।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसे बाद में क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच-19 की टीम ने आरोपी दीपक को गिरफ्तार किया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से चोरी किए गए सामान की बरामदगी और अन्य संभावित वारदातों को लेकर पूछताछ की जा रही है।