माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। अंतिम क्षण में हाई-फ्लायर पवन सहरावत के सुपर रेड की बदौलत तेलुगू टाइटंस ने प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के 10वें सीजन में यू मुंबा को अंक बांटने के लिए मजबूर कर दिया। पवन के शानदार प्रदर्शन की बदौलत टाइटंस ने मंगलवार को ताऊ देवीलाल इंडोर स्टेडियम में यू मुंबा की टीम को 45-45 से टाई पर रोक दिया। इसके साथ ही दोनों टीमों को टाई के साथ इस सीजन को अलविदा कहना पड़ा। तेलुगू टाइटंस के लिए पवन ने 14 और रोबिन चौधरी ने छह पॉइंट बटोरे जबकि यू मुंबा के लिए गुमान सिंह ने आठ और आमिर मोहम्मद जफर दानेश ने 11 अंक लिए।
यू मुंबा ने 22 मैचों में छह जीत, 13 हार और तीन टाई के बाद 45 अंक लेकर इस सीजन को अलविदा कहा। वहीं, तेलुगू टाइटंस ने 22 मैचों में दो जीत, 19 हार और एक टाई के बाद 21 अंक लेकर इस सीजन का समापन किया। दोनों टीमें के बीत यह टाई इस सीजन का 11वां टाई था। मुकाबले की शुरुआत में हाई-फ्लायर पवन सहरावत डैश कर दिए गए और यू मुंबा ने पहले पांच मिनट के खेल में 5-3 की बढ़त बना ली। तेलुगू टाइटंस ने 5-5 की बराबरी कर ली। मुकाबले के छठे मिनट में पवन ने फिर से सुपर रेड लगाकर टाइटंस की टीम को आगे कर दिया। यू मुंबा ने इसके बाद लगातार पाॅइंट लेकर पहले 10 मिनट के खेल में 11-7 से खुद को आगे कर लिया।
पवन ने फिर सुपर रेड लगा दी और फिर अगली ही मिनट में यू मुंबा की टीम ऑलआउट हो गई। मुंबा को ऑल आउट करने के बाद तेलुगू टाइटंस ने 13-12 का स्कोर कर लिया। इसके बाद एक समय दोनों टीमें 16-16 की बराबरी पर आ चुकी थी और फिर तेलुगू ने 19-16 का स्कोर कर लिया। लेकिन यू मुंबा ने फिर वापसी कर हाफ टाइम तक मुकाबले को 19-19 की बराबरी पर ला दिया।