संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला-रायपुररानी। जिले को 2025 तक टीवी मुक्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। विभाग ने जिले में 71753 वयस्कों को बीसीजी का टीका लगाने का लक्ष्य रखा है। रायपुररानी ब्लाॅक की जनसंख्या 162736 है। वहां कुल 16273 लोगों को यह टीका लगाया जाएगा। सिविल सर्जन डॉ. मुक्ता कुमार ने मंगलवार को सीएचसी रायपुररानी में वयस्क टीकाकरण अभियान की शुरूआत की। उन्होंने बताया कि टीबी मुक्त अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग अब वयस्कों को भी बीसीजी का टीका लगेगा। इसके लिए विभाग ने अपनी सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सीएमओ ने बताया कि जिले में कुल मरीजों की संख्या 875 टीबी के है।
बीसीजी का एक टीका जन्म के साथ ही बच्चे को लगाया जाता है। इसके बाद उसमें करीब 18 साल तक प्रतिरोधक क्षमता बनी रहती है। अब 18 साल से बड़े व्यक्तियों को भी टीका लग सकेगा। उनका कहना है कि देखने में आया है कि 60 वर्ष से अधिक व्यक्ति पर टीबी अधिक प्रभाव छोड़ता है। इसको देखते हुए 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति को यह टीका जरूर लगाया जाएगा। टीकाकरण अभियान के दौरान डॉक्टर अजय और यूएनडीपी की टेक्निकल टीम के सहयोग से बीसीजी एडल्ट लाभार्थियों का टीबी विन पोर्टल पर पंजीकरण भी किया गया है। इस दौरान डॉक्टर शिवानी, डब्ल्यूएचओ टीकाकरण अधिकारी एवं डीआईओ डॉक्टर मीनू सासन, डॉक्टर मोनिका कोड़ा डीटीओ, डॉक्टर संजीव गोयल एसएमओ इंचार्ज सीएचसी रायपुररानी और अन्य लोग भी मौजूद रहे।
टीकाकरण अभियान के तहत इन लोगो को लगाए जाएंगे टीके
•
60 वर्ष से अधिक आयु के सभी बुजुर्गों को
•
तीन वर्ष पहले जिसका टीबी का उपचार हुआ हो
•
संक्रमित के साथ रहने वाले परिजनों को
•
नियमित धूम्रपान करने वाले तंबाकू उत्पादों का सेवन करने वाले लोगों को
•
वे लोग जिनका वजन बीएमआई के अनुसार न हो