पंचकूला। बेटी को भेजे पार्सल की जानकारी लेने के लिए गूगल से ढूंढे नंबर पर संपर्क करना एक पिता को महंगा पड़ गया। टेलीकॉलर ने पार्सल की जानकारी देने के लिए बातों में उलझा कर पिता के खाते से छह लाख रुपये उड़ा लिया। सेक्टर-9 निवासी सुरेश कुमार विज ने सेक्टर-5 पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 13 अगस्त को डीटीडीसी कोरियर से गुरुग्राम बेटी को एक कपड़ों का पार्सल भेजा था, लेकिन जब 16 अगस्त तक पार्सल नहीं मिला तो उन्होंने गूगल से डीटीडीसी का मोबाइल नंबर लेकर उस पर संपर्क किया। काल रिसीव करने वाले ने कहा कि उनका पार्सल उसके पास पड़ा है। कॉल रिसीवर ने सुरेश कुमार को एक अकाउंट नंबर बताकर उसमें 10 रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा। सुरेश कुमार विज ने अपने पंजाब नेशनल बैंक के अकाउंट से 10 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद टेलीकॉलर ने सुरेश को लंबे समय तक बातों में उलझाए रखा। जैसे ही सुरेश ने फोन रखा उसने देखा कि मोबाइल पर पंजाब नेशनल बैंक की तरफ से कई संदेश आए थे। इससे सुरेश को पता चला कि उसके बैंक अकाउंट से कई ट्रांजेक्शन हुए। इससे कुल 6,08,646/34 रुपये निकल चुके हैं। पुलिस ने सुरेश की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।