पीजीआई में पहली रैकिंग मिलने के बाद पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग शिक्षा के स्तर में सुुधार के नए नए प्रयोग कर रहा है। अब विभाग शिक्षकों के जरिये अभिभावकों तक पहुंचेगा और विद्यार्थियों का हाल जानेगा। इसके लिए 26 जुलाई से विभाग ने दो दिवसीय अभिभावक-शिक्षक बैठकें बुलाई हैं। बैठक में कोरोना गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग ने छठी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई का मूल्यांकन करने और इसमें और अधिक सुधार लाने के लिए 26 और 27 जुलाई 2021 को सभी स्कूलों में अभिभावक-अध्यापक बैठक होंगी। स्कूल शिक्षा विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि डायरेक्टर एससीईआरटी जगतार सिंह द्वारा जारी किये गए पत्र में इन बैठकों के दौरान अध्यापकों को बच्चों और उनके माता-पिता तक पहुंच करने के लिए कहा गया है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी प्रकार की कोई कमी या कमजोरियों का पता लगाकर इस कार्य को और बेहतर बनाया जा सके। प्रवक्ता के अनुसार इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों की पढ़ाई को और अधिक योजनाबद्ध बनाना है। बैठक के दौरान बच्चों और उनके माता-पिता के साथ राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (एनएसए) सहित सभी तरह की जानकारी साझा करने, उनके स्वास्थ्य देखभाल बारे चर्चा करने, जुलाई महीने के मूल्यांकन बारे सूचित करने के लिए अध्यापकों को कहा गया है। इस दौरान अध्यापकों को कोविड-19 से संबंधित जारी हिदायतों का पालन करने के लिए भी कहा गया है।