सेक्टर-1 महाविद्यालय में सामूहिक योग सत्र का आयोजन
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेक्टर-1 में आयुष विभाग के निर्देशन में उच्चतर शिक्षा विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को योग सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित योग सत्र में 55 शिक्षकों सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान अभ्यास किए। कार्यक्रम का उद्देश्य 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग सत्र एवं पौधरोपण अभियान का आयोजन करना था, जिससे युवाओं और समुदाय में शारीरिक, मानसिक और पर्यावरणीय कल्याण की भावना को बढ़ावा दिया जा सके।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शैलजा छाबड़ा ने कहा कि योग भारतीय सांस्कृतिक धरोहर का अभिन्न हिस्सा है। यह न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन और आत्मा को भी संतुलित करता है। आज की भाग दौड़ भरी जिंदगी में योग अपनाना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम का संयोजन वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. कृष्णा उप्पल ने किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए महाविद्यालय प्रांगण में 20 पौधे लगाए। कार्यक्रम का समापन शांतिपाठ के साथ किया गया। विद्यार्थियों ने भी योग के अनुभव साझा किए और इसे दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। यह आयोजन महाविद्यालय के एनएसएस और खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।