पंचकूला। सेक्टर-27 निवासी सरकारी शिक्षक के साथ करीब 3 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई है। शिकायत के बाद सेक्टर-20 साइबर थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में शिक्षक ने बताया कि 10 सितंबर को उनके मोबाइल नंबर पर आधार सत्यापित से जुड़े तीन ओटीपी आए जिनका उन्होंने जवाब नहीं दिया। इसके बाद 15 सितंबर को उन्हें मैसेज मिला कि उनके बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से एक लाख रुपये यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिये कट गए हैं। जब उन्होंने बैलेंस चेक किया तो खाते में मात्र 77 हजार 800 रुपये ही शेष हैं। जांच में सामने आया कि 13 और 14 सितंबर को भी उनके खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन में तीन लाख रुपये यूपीआई के माध्यम से निकाले जा चुके थे। उन्होंने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई।