अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। भारतीय निर्वाचन आयोग की ओर से तरनतारन विधानसभा क्षेत्र में होने वाले आगामी उपचुनाव के मद्देनजर अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा बुलाई गई बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम मतदाता सूची की प्रतियां भी सौंपी गईं।
पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने बताया कि संशोधित सूची के अनुसार तरनतारन क्षेत्र में मतदाताओं की कुल संख्या 1,93,742 है। इनमें 1,01,494 पुरुष और 92,240 महिला मतदाता शामिल हैं। 114 पोलिंग स्टेशन स्थानों पर मतदान केंद्रों की संख्या 222 (शहरी 60 और ग्रामीण 162) तक युक्तिसंगत की गई है ताकि आसान पहुंच और सभी नागरिकों के लिए सुचारू मतदान अनुभव सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि यह संशोधन प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी संबंधित कानूनों और नियमों का पालन करते हुए की गई है। मसौदे के प्रकाशन से लेकर दावों और आपत्तियों की अवधि तथा उनके निपटारे तक प्रत्येक कदम को पूरी मेहनत और पारदर्शी ढंग से पूरा किया गया है। इस संशोधन में 100 प्रतिशत ईपीआईसी (मतदाता फोटो पहचान पत्र) को कवर किया गया है, जो एक शुद्ध और त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।