अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। तरनतारन उपचुनाव के मद्देनजर शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) को पुलिस अफसरों के खिलाफ शिकायत सौंपी है। शिअद के मुख्य प्रवक्ता और लीगल सेल के प्रमुख अर्शदीप सिंह कलेर ने अपनी शिकायत में पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि अकाली दल को प्रचार से रोकने के लिए उनके कार्यकर्ताओं को पुलिस अफसरों के इशारों पर नोटिस जारी किए जा रहे हैं। यह सत्ता का दुरुपयोग है। कार्यकर्ताओं और नेताओं को झूठे और राजनीति से प्रेरित मामलों में फंसाया जा रहा है। उनके खिलाफ केस दर्ज कर उन पर दबाव बनाया जा रहा है जिससे चुनाव प्रचार प्रभावित हो सके।
कलेर ने कहा कि उनका एक कार्यकर्ता अपनी गाड़ी के साथ लापता है, उसका कोई अता-पता नहीं चल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस किसी राजनीतिक पार्टी के खिलाफ हथियार के रूप में काम करेगी तो स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव नहीं हो सकेंगे। शिकायत पत्र में शिअद ने एसएसपी डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल और तरनतारन के दो डीएसपी का तुरंत तबादला करने की मांग की है।