मोरनी। मंगलवार को एक बार फिर इलाके के ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की भारी किल्लत को लेकर जनता का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामवासियों ने मोरनी बाजार में जनस्वास्थ्य कार्यालय के नजदीक बाजार में सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पानी संकट को लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने हरियाणा सरकार और जन स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और ‘हरियाणा सरकार मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए। इस संकट ने ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित किया है, और लोगों की मांग है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के चलते पिछले कई दिनों से उन्हें पीने के पानी तक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। धारटी पंचायत के अलावा अन्य पंचायतों सहित कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई पिछले 10 दिनों से बाधित है। मजबूरन लोगों को महंगे दामों पर टैंकरों से पानी खरीदना पड़ रहा है।
कई घंटों के प्रदर्शन के बाद एसडीओ समीर शर्मा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा। इसके बाद जाम हटाया गया। मौके पर पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व सरपंच सुरेश पाल, पंचायत सरपंच काजल शर्मा, ब्लॉक समिति वाइस चेयरपर्सन पूनम, सरपंच राजी टिकरी सहित अन्य सरपंच भी मौजूद रहे।
अधिकारी जिला कार्यालयों तक सीमित
सभी स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने एक सुर में जन स्वास्थ्य विभाग पर समय पर योजना नहीं बनाने और लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। कहा कि विभाग के कर्मचारी और अधिकारी जनता की सुनवाई नहीं करते। भीषण गर्मी में भी जेई कार्यालयों से नदारद रहते हैं। ऐसे कर्मचारियों की लापरवाही के चलते लोगों की परेशानी बढ़ती है और सरकार की बदनामी होती है।
विरोध बढ़ता देख भाजपा नेताओं ने कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा से संपर्क कर हस्तक्षेप की मांग की। सरपंच प्रतिनिधि दीपक शर्मा ने जानकारी दी कि विधायक ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही एक विस्तृत योजना बनाकर क्षेत्र की पानी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा।