फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुढ़नपुर में दलदल बनी सड़क, एक सप्ताह में दो ऑटो पलटे, दो के हाथ टूटे

विज्ञापन
विज्ञापन
पंचकूला। बुढ़नपुर गांव की 100 मीटर टूटी सड़क करीब 20 हजार लोगों पर कहर बरपा रही है। यहां एक सप्ताह में दो ऑटो पलट चुके हैं। कई लोग कीचड़ युक्त सड़क में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। यहां किसी की बाजू टूटी है तो किसी का सिर फटा है। वीरवार की शाम फिर एक महिला की बाजू टूट गई। इस खराब सड़क की वजह से स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हादसे हर रोज हो रहे हैं और संबंधित विभाग चुप्पी साधे है।
विज्ञापन

बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले ट्यूबवेल लगाने के लिए 100 मीटर सड़क तोड़ी गई थी, उस समय स्थानीय लोगों ने इसका विरोध भी किया था, लेकिन सबको आश्वासन मिला था कि ट्यूबवेल के निर्माण के बाद सड़क ठीक करवा दी जाएगी। धीरे -धीरे समय बीतता गया और अब कीचड़ की वजह से स्थिति भयावह होती गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि टूटी सड़क की रिकारपेटिंग को लेकर 20 दिन पहले सीएम विंडो में भी शिकायत दी थी, लेकिन निष्कर्ष शून्य रहा।
महिला का पैर फिसला, बाजू टूटी
नछत्तर कौर ने बताया कि वीरवार की शाम वह मंडी से सब्जी लेकर घर लौट रही थी। बुढ़नपुर मंडी के पास टूटी सड़क पर चारों तरफ कीचड़ फैला है। जैसे ही कीचड़ के रास्ते आगे बढ़ी पांव फिसला और हाथ के बल ही नीचे गिर गई। बाजू में काफी चोट आई। दर्द की वजह से उठ नहीं पा रही थी, आसपास के लोगों ने उठाया।
विज्ञापन

बाजू ज्यादा दर्द होने के चलते बेटा पंचकूला के नागरिक अस्पताल लेकर गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने कहा कि बाजू टूट गई है। नछत्तर कौर ने बताया कि इस तरह का हादसा यहां आए दिन हो रहे हैं। इस सड़क निर्माण को लेकर स्थानीय पार्षद सहित नगर निगम के अधिकारियों से भी गुहार लगा चुके हैं, लेकिन सड़क नहीं बनी।
कीचड़ में बाइक से गिरी, बाजू टूटी
बुढ़नपुर निवासी लक्की ने बताया कि मंडी के पास करीब 100 मीटर सड़क का हिस्सा काफी दिनों से टूटा पड़ा है। बारिश के बाद यहां चारों तरफ कीचड़ फैल गया है। कीचड़ भरने की वजह से गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं। इससे राहगीर यहां गिरकर चोटिल हो रहे हैं। वह कुछ दिन पहले बाइक लेकर इस रास्ते से धीरे - धीरे निकल रहा था। अचानक बाइक स्लिप हुई और वह गड्ढे में गिर गया। उसकी बाजू टूट गई। इस सड़क का निर्माण जल्द नहीं किया गया तो आए दिन लोग यहां गिरकर चोटिल होते रहेंगे।
दो ऑटो भी पलटे, सामान हुआ बर्बाद
बुढ़नपुर निवासी गुरविंदर सिंह ने बताया कि यहां दो दिन में दो ऑटो पलटे हैं। करीब पांच से छह लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। एक साल पहले ट्यूबवेल के निर्माण को लेकर करीब 100 मीटर सड़क तोड़ दी गई थी, उस समय भी स्थानीय लोगों ने विरोध किया था, लेकिन किसी ने एक न सुनी और सड़क तोड़ दी। अभी करीब 20 दिन पहले टूटी सड़क की मरम्मत को लेकर सीएम विंडो में शिकायत दी थी, लेकिन वहां से अब तक कोई रिस्पांस नहीं मिला है।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने ट्यूबवेल लगाने के लिए सड़क तोड़ी थी। इससे सही कराने के लिए कई बार संबंधित विभाग के जेई को कह चुकी हूं, लेकिन टूटी सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई। शुक्रवार को मौके का जायजा लेकर फिलहाल गड्ढों को भरवा दिया है। बरसात के बाद उचित तरीके से सड़क की रिकारपेटिंग करवाई जाएगी। - उषा रानी, पार्षद वार्ड नंबर 7, पंचकूला।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें