चंडीगढ़। वीरवार को ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं सांसद और पूर्व डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा ने दावा किया था कि पंजाब का कोई भी सांसद और विधायक भाजपा के कथित ऑपरेशन लोटस का शिकार नहीं होगा। इस दावे के दूसरे ही दिन शुक्रवार को कांग्रेस के निलंबित विधायक संदीप जाखड़ भाजपा के खेमे में दिखे।
मौका था भाजपा द्वारा आयोजित किए गए सामांतर सत्र जनता दी विधानसभा का। इस दौरान भाजपा के दोनों विधायक, राज्यसभा सांसद, प्रदेशाध्यक्ष, राष्ट्रीय महासचिव समेत अन्य पूर्व विधायक व सांसद मौजूद थे। सदन में पंजाब के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई तभी इस कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसी विधायक संदीप जाखड़ भी पहुंच गए।
जाखड़ अबोहर सीट से कांग्रेस के विधायक हैं। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ अपने भतीजे संदीप को काफी समय से भाजपा में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे थे। हालांकि संदीप ने अभी औपचारिक रूप से न तो कांग्रेस छोड़ी है और न ही भाजपा ज्वाइन की है मगर भाजपा के पंडाल में पहुंचने के बाद उनके भाजपा में जल्द शामिल होने की अटकलें शुरू हो गई हैं।