चंडीगढ़ पीजीआई में सोमवार को बलटाना निवासी एक दंपती को कोरोना वायरस के संदिग्ध होने पर भर्ती कराया गया है। जांच के नमूने ले लिए गए हैं। पीजीआई में जांच की सुविधा शुरू होने केबाद अब नमूने बाहर नहीं भेजे जा रहे हैं। दंपती एक मार्च को स्विट्जरलैंड से लौटे हैं। दोनों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
20 दुकानों को नोटिस
मास्क और सेनेटाइजर की कालाबाजारी रोकने के लिए बनाई गई टीम ने दो दिनों की छापेमारी के बाद सोमवार को 20 दुकानों को नोटिस दिया है। इसमें वे दुकान शामिल हैं, जो टीम को मास्क और सेनेटाइजर के बिल बाउचर उपलब्ध नहीं करा पाए थे। डायरेक्टर हेल्थ डॉ. जी दीवान का कहना है कि तीन दिन केअंदर नोटिस का जवाब न देने पर संबंधित दुकान का लाइसेंस कैंसिल कर दिया जाएगा। शुक्रवार और शनिवार को टीम ने सेक्टर 36,37,42, 38 में दो दर्जन से ज्यादा दुकानों की जांच की थी।
सिर्फ हाथ धोना काफी
कोरोना वायरस को देखते हुए पीजीआई की ओर से जारी अलर्ट में कहा गया है कि सभी लोगों को मास्क पहनने की आवश्यकता नहीं है। सिर्फ साबुन से हाथ धो लेना ही पर्याप्त है। अगर बहुत जरूरी न हो तो यात्रा न करें। कोरोना वायरस के पीड़ितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह कहा गया है कि ऐसे चिह्नित या संदिग्ध लोगों को लोकल हेल्थ केयर फैसेलिटी की निगरानी में रखना चाहिए।