बरवाला। पंचकूला के सरप्लस अध्यापकों को लगभग तीन माह से वेतन नहीं मिल रहा है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के पास शिकायत देने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
राजकीय अध्यापक संघ 70 के प्रांतीय कोषाध्यक्ष राजेश भट्ट शर्मा व उप प्रधान विजय कौशिक, जिला पंचकूला प्रधान मदन गोपाल, महासचिव योगेंद्र शास्त्री और अन्य अध्यापक नेताओं ने एक संयुक्त बयान जारीकर बताया कि जिला पंचकूला के सरप्लस अध्यापकों को लगभग तीन माह से वेतन नहीं मिल रहा। अध्यापकों ने जिला शिक्षा अधिकारी व खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में अपनी समस्याएं बताईं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। ऐसे में अध्यापकों का घर का खर्च चलना भी मुश्किल हो गया है। इसके अलावा कई विभागों के कर्मचारियों की 2020-2023 सत्र की एलटीसी का भुगतान हरियाणा सरकार व विभाग ने वर्ष 2024 के 4 महीने बीत जाने के बाद भी नहीं किया है। जिससे पिछली एलटीसी अभी तक पेंडिंग पड़ी है।
हरियाणा कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय कोषाध्यक्ष राजेश भट्ट शर्मा ने बताया कि जिला यमुनानगर के स्कूलों में अध्यापकों की भारी कमी है और जिला पंचकूला में ऐसे अतिथि अध्यापक सरप्लस बैठे हैं जो कि जिला यमुनानगर से ही आते हैं। संघ ने सरकार व विभाग से मांग की है कि इन सरप्लस अध्यापकों को उनके जिला में भेजा जाए। इसके अलावा राजकीय आदर्श संस्कृति स्कूलों में अंग्रेजी मीडियम के साथ-साथ ही हिंदी माध्यम से भी पढ़ाई करवाई जाने की मांग रखी। अध्यापक नेताओं ने चिराग योजना बंद करने, स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया सरल बनाने व स्कूल मर्जिंग बंद करने की मांग भी की। संघ ने चेतावनी दी कि अगर इन मांगों को पूरा नहीं किया जाता, खासकर कि अध्यापकों का वेतन समय रहते जारी नहीं किया गया तो संघ विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेगा।