पंचकूला। सीआईडी लाइन को लगती रेलवे लाइन से कुछ ही दूरी पर दो अज्ञात लुटेरों ने मंगलवार की रात सीआईडी के एक सब इंस्पेक्टर पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। पुलिसकर्मी को घायल करने के बाद लुटेरे उनसे 19 हजार रुपये से भरा पर्स छीनकर फरार हो गए। हमले में सब इंस्पेक्टर के सिर और दोनों हाथ में गंभीर चोटें आईं। वहीं, लुटेरे वारदात को अंजाम देकर सेक्टर-19 की तरफ फरार हो गए।
लुटेरों का निशाना सब इंस्पेक्टर बलबीर बने। वह लहूलुहान हालत में सीआईडी लाइन पहुंचे। फिर सहकर्मियों को वारदात की जानकारी दी। बलबीर को तुरंत सिविल अस्पताल-6 ले जाया गया। उपाचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। फिर वारदात की सूचना पुलिस को दी। पीसीआर सहित सेक्टर-19 चौकी इंचार्ज और सेक्टर-20 थाने के एसएचओ दिलीप मौके पर पहुंचे। उनके अलावा डीसीपी मोहित हांडा भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की गहनता से जांच करने सहित आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची गई। थाना पुलिस ने सब इंस्पेक्टर बलबीर सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया है।
बॉक्स
आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमें गठित
डीसीपी ने मामले की जांच और आरोपियों की तलाश के लिए तीन जांच टीम गठित की हैं। इनमें सेक्टर-19 चौकी की पुलिस टीम, सेक्टर-20 थाने के एसएचओ के अंतर्गत बनाई पुलिस टीम और तीसरी सेक्टर-19 क्राइम ब्रांच है। तीनों पुलिस टीम को आरोपियों की धरपकड़ का जिम्मा दिया गया है।