चंडीगढ़। पंजाब में 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्तीर्ण न होने वाले बच्चों को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड एक मर्सी चांस (विशेष मौका) देगा। इसे सरकार की ओर से नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी वर्ष को समर्पित एक अहम हमदर्दी भरी पहल बताई जा रही है।
मंगलवार को यह एलान पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के प्रकाश पर्व के मौके पर की। मंत्री ने बताया कि वे सभी विद्यार्थी, जो मार्च 2010 से अब तक शिक्षा बोर्ड की किसी भी परीक्षा में बैठे हैं और पास नहीं हो सके, वे विशेष मौके (मर्सी चांस) के लिए योग्य होंगे। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 27 अप्रैल को शुरू होगी और विशेष परीक्षाएं 15 जुलाई से होंगी।