बरवाला। प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने की मुहिम के तहत शुक्रवार को बरवाला के कई स्कूलों के बच्चों ने रंगोली व अन्य सजावटी सामान बनाकर ऑनलाइन दिवाली मनाई। करन पब्लिक स्कूल के चेयरमैन नरेंद्र राणा व न्यू स्टैंडर्ड हाई स्कूल के चेयरमैन दीप चंद शर्मा व अन्य स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने बताया कि आज चारों तरफ प्रदूषण की समस्या बढ़ती जा रही है। हमें प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए सभी को जागरूक करना होगा। बच्चे हमारी सबसे छोटी इकाई हैं। अगर हम इन्हें अभी से इसके लिए प्रेरित करेंगे तो हमें आगे चलकर ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। स्कूल के अध्यापकों ने बच्चों को ईको प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने के लिए जागरूक किया। इस दौरान बच्चों को पटाखे न चलाने की ऑनलाइन शपथ दिलाते हुए दिवाली की बधाई दी गई।