पंचकूला। उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले की जनता से अपील की है कि एनजीटी और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशानुसार ग्रीन पटाखे ही चलाएं। पटाखा विक्रेता भी ग्रीन पटाखे ही बेचें ताकि कोरोना के संक्रमण और ज्यादा प्रदूषण से बचा जा सके। पंचकूला में कोरोना के बढ़ते मामलों और जिलेवासियों की सुरक्षा को देखकर उपायुक्त ने कहा लोग संयम से भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनकर चलें ताकि कोरोना संक्रमण को ज्यादा फैलने से रोका जा सके। भारत सरकार के दिशा निर्देश के अनुसार दो गज की दूरी, मास्क जरूरी है इसका पालन करें। दिवाली जैसे बड़े पर्व को आपस में भाईचारे व खुशी से मनाएं। स्वयं और दूसरों को भी कोरोना महामारी से बचाने के लिए दो गज की दूरी और मास्क जरूरी का आपस में संदेश भी दें।