चार विधाओं में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुतियां, रागिनी में सेक्टर-26 स्कूल रहा प्रथम
संवाद न्यूज एजेंसी
रामगढ़। राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-26 में शिक्षा विभाग की ओर से दो दिवसीय जिला स्तरीय उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उत्सव में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी समूह लोक नृत्य, एकल लोक नृत्य, रागिनी और स्किट में प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। रागिनी में राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-26 ने प्रथम स्थान हासिल किया। उत्सव की थीम हरियाणा की संस्कृति, नैतिक मूल्य एवं पर्यावरण रखी गई है।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन चौधरी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उप जिला शिक्षा अधिकारी विशिष्ट अतिथि रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। जिला संयोजिका दीपा रानी भी मौजूद रहीं।
पारंपरिक परिधानों में दी रंगारंग प्रस्तुतियां
विद्यार्थियों ने पारंपरिक हरियाणवी और क्षेत्रीय परिधानों में देशभक्ति, लोककला और संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विधाओं की कलाकृतियों और रंगोली की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे अतिथियों और दर्शकों ने सराहा। पहले दिन कक्षा पांचवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन चौधरी ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और निखारने का अवसर देने की जरूरत है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को संस्कृति से जोड़ने के साथ व्यक्तित्व विकास में भी अहम भूमिका निभाते हैं। प्रधानाचार्य संजीव अग्रवाल ने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन चौधरी ने सफल आयोजन के लिए प्रधानाचार्य और स्कूल स्टाफ को बधाई दी।
ये स्कूल रहे विजेता
रागिनी: राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-26 प्रथम।
स्किट: राजकीय आदर्श संस्कृति प्राथमिक विद्यालय, नाडा साहिब प्रथम।
समूह लोक नृत्य: राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-12ए प्रथम।
एकल लोक नृत्य: राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बरवाला की छात्राएं प्रथम।