पंचकूला। राष्ट्रीय राजमार्ग 7 पर स्थित कोट बस स्टॉप से गांव बूंगा, बलोटी, टिब्बी, खेतपुराली और दूधगढ़ तक जाने वाले स्कूली व कॉलेज के छात्रों को दोपहर के समय बस सेवा न होने से भारी परेशानी हो रही है। छुट्टी के समय कोई बस उपलब्ध नहीं होने के कारण छात्र अपने घर पहुंचने में दिक्कतों का सामना कर रहे हैं।
छात्रों और उनके अभिभावकों का कहना है कि ये क्षेत्र पंचकूला, कालका और आसपास के शिक्षण संस्थानों से जुड़े हैं, लेकिन दोपहर करीब 3 बजे कोई नियमित बस सेवा न होने से उन्हें या तो परिजनों का इंतजार करना पड़ता है या महंगे निजी वाहन लेने पड़ते हैं। इससे उनकी पढ़ाई और मानसिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। छात्रों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से अनुरोध किया है कि वे दोपहर करीब 3 बजे एक नियमित बस सेवा शुरू करें ताकि उन्हें घर लौटने में कोई कठिनाई न हो और मानसिक तनाव से राहत मिले।
हर दिन छुट्टी के बाद एक घंटा परिजनों का इंतजार करना पड़ता है। बस होती तो समय पर घर पहुंच जाते। इससे पढ़ाई और सेहत दोनों प्रभावित होती हैं। -हर्षदीप सिंह, छात्र
बस न होने के कारण कभी-कभी हमें पैदल चलना पड़ता है या किसी जान-पहचान वाले से लिफ्ट लेनी पड़ती है, जो सुरक्षित नहीं है।
- चांदनी, छात्रा
रोज स्कूल से छुट्टी के बाद बस के इंतजार में आधा घंटा यूं ही चला जाता है। अगर समय पर बस मिले तो हम आराम से घर पहुंच सकते हैं।
- मोहित, छात्र
दोपहर करीब 3 बजे बस न होने से हमें मजबूरी में घंटों इंतजार करना पड़ता है। विभाग को हमारी जरूरतों को समझना चाहिए।कोमल, छात्रा