मोहाली। वार्षिक परीक्षा में नकल न करवाने से गुस्साए एक छात्र ने अपने साथियों के साथ परीक्षा के बाद अपने सहपाठी पर हमला कर दिया। स्कूल बस को भी नुकसान पहुंचाया गया। सारे आरोपी नाबालिग थे। पीड़ित छात्र की शिकायत पर मटौर थाने की पुलिस ने नौ छात्रों के खिलाफ केस दर्ज कर बाल सुधार गृह भेज दिया है।
पीड़ित छात्र ने बताया कि वह 11वीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा है। 24 फरवरी को उसका पेपर था। वह परीक्षा हाल में पेपर दे रहा था। इसी बीच एक छात्र ने उससे नकल करवाने के लिए कहा। छात्र ने ऐसा करने से मना कर दिया। पेपर के बाद जब वह फेज-3बी1 स्कूल से फेज-11 जाने के लिए निकला तो आरोपी अपने दोस्तों के साथ उसकी स्कूल बस के पास खड़ा था। जैसे ही वह बस के पास पहुंचा आरोपी ने उस पर हमला कर दिया। उसके साथ आए अन्य दोस्तों ने भी मारपीट की और बस को नुकसान पहुंचाया। बस में बैठे अन्य छात्र मदद के लिए आए तो आरोपी छात्र उनसे भी उलझ पड़े और उन्हें धमकी दी। इसके बाद सभी आरोपी वहां से चले गए। उनके हाथ में हॉकी व अन्य हथियार थे। मटौर थाना पुलिस ने हमला, धमकियां देना व संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।