संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। जिले के नरोट मेहरा क्षेत्र में हुए हादसे में बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान बजरी कंपनी वार्ड-33 निवासी अंकुश डोगरा के रूप में हुई। छात्र के परिजनों का आरोप है कि कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारूचक्क के काफिले ने उनके बेटे को टक्कर मारी है। परिजनों ने पठानकोट-अमृतसर नेशनल हाईवे जाम कर मंत्री व पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
घटना स्थल पर पहुंचे छात्र के परिवार और रिश्तेदारों ने बताया कि अंकुश का सोमवार को कोटली स्थित कॉलेज में पहला दिन था। वह बाइक लेकर गया था। लोगों ने बताया कि नरोट मेहरा की पुली पास मंत्री कटारूचक्क के काफिले ने अंकुश की बाइक को टक्कर मारी जिससे उसकी मौत हो गई। जब परिवार ने घटनास्थल पर पुलिस से सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की तो नहीं दिखाई गई। दूसरी तरफ, परिवार सदस्यों का यह भी आरोप है कि पुलिस ने वहां से गुजर रहे एक ट्रक चालक को हिरासत में लिया है, जो बेगुनाह है। पुलिस कह रही है कि युवक की मौत मंत्री के काफिले से नहीं बल्कि ट्रक चालक की चपेट में आने से हुई है। जब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिलता वे मंत्री और पंजाब सरकार खिलाफ प्रदर्शन जारी रखेंगे। इस धरने से यातायात भी कई घंटे बाधित हुआ। वहीं, थाना सदर प्रभारी हेमराज ने बताया कि सामने आया है कि हादसे से पहले मंत्री का काफिला वहां से निकल चुका था। युवक की मौत ट्रक की चपेट में आने से हुई है। ट्रक चालक खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।