दूसरे दिन भी जारी रही 128 कर्मचारियों की हड़ताल, शहर में बढ़ने लगे कूड़े के ढेर
मांगें पूरी नहीं होने पर तीन दिन बाद आंदोलन अनिश्चितकालीन करने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। कालका-पिंजौर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के दूसरे दिन हड़ताली कर्मचारियों ने कूड़े से भरी एक ट्राली रुकवाकर गांधी चौक पर ही कचरा खाली करवा दिया। 128 कच्चे सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहने से शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं और सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा से संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले चल रही हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही। सुबह मेन बाजार के समीप सरकारी स्कूल के सामने पड़े कूड़े को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण में लगे कर्मचारी ट्राली में भरकर ले जा रहे थे। इसकी सूचना मिलते ही हड़ताली कर्मचारी गांधी चौक पहुंच गए और ट्राली को रुकवा लिया। बाद में कर्मचारियों ने ट्राली में भरा कचरा गांधी चौक पर ही खाली करवा दिया।
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि उनकी लंबित मांगों पर सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
कालका प्रधान लाखन और पिंजौर प्रधान सुनील ने बताया कि फिलहाल तीन दिन तक हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया गया है। यदि इसके बाद भी सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को लागू नहीं किया तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन किया जा सकता है।