बोलेरो से 538 ग्राम हेरोइन बरामद, 1.05 करोड़ की खेप पंजाब से लाकर करता था सप्लाई
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में पंचकूला पुलिस ने राज्य स्तरीय कबड्डी खिलाड़ी को 538 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बोलेरो में पंजाब से नशा लाकर सप्लाई करता था, जिसकी कीमत करीब 1.05 करोड़ रुपये आंकी गई है।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने 23 अप्रैल को गुप्त सूचना के आधार पर रायपुररानी-नारायणगढ़ रोड पर गांव प्यारेवाला के पास नाकाबंदी कर पंजाब के तरनतारन निवासी रशपाल सिंह उर्फ लाली को उसकी महिंद्रा बोलेरो सहित काबू किया। तलाशी के दौरान गाड़ी की ड्राइवर सीट के नीचे से 538 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
थाना रायपुररानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से पहले तीन दिन और फिर चार दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय था और पंजाब से हेरोइन लाकर पंचकूला क्षेत्र में सप्लाई करता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राज्य स्तरीय कबड्डी खिलाड़ी रह चुका है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास व धोखाधड़ी के मामले भी दर्ज हैं। यह भी जांच की जा रही है कि क्या वह खेल प्रतियोगिताओं की आड़ में नशे की सप्लाई करता था या युवाओं को इसमें धकेल रहा था।
चार माह में बड़ी कार्रवाई
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 37 मामले दर्ज कर 58 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 18 मुख्य सप्लायर शामिल हैं। पुलिस ने इस दौरान 5 किलो 141 ग्राम हेरोइन, 27 किलो चूरा पोस्त, 6 किलो 296 ग्राम गांजा, 1 किलो 558 ग्राम चरस, 710 ग्राम अफीम और 40,200 प्रतिबंधित दवाएं बरामद की हैं। जब्त नशे की कुल कीमत करीब 8.85 करोड़ रुपये आंकी गई है।
अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई
पुलिस ने नशा तस्करों की कमाई से बनी संपत्तियों पर भी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों की अवैध संपत्तियां बुलडोजर से ध्वस्त की हैं। इनमें पिंजौर के अमर सिंह, पंचकूला के सुल्तान और उत्तर प्रदेश निवासी अभिषेक (हाल निवासी सेक्टर-14) शामिल हैं।