पंचकूला। सेक्टर-5 स्थित टाउन पार्क में शनिवार को दो दिवसीय 34वें स्प्रिंग फेस्टिवल का आगाज हुआ। इस फेस्टिवल का शुभारंभ हरियाणा नगर व ग्राम नियोजन एवं शहरी संपदा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव देवेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित और रिबन काटकर कर किया। इस अवसर पर उनके साथ मुख्य प्रशासक अजीत बालाजी जोशी और एचएसवीपी के प्रशासक जगदीश शर्मा भी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने कहा कि कोरोना के लंबे समय के बाद कोई उत्सव एचएसवीपी द्वारा मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मेले में करीब 1800 स्कूल, संस्थान और अन्य संस्थाओं की प्रविष्टियां आई हैं।
इसके अलावा इसके स्प्रिंग फेस्ट के दौरान स्कूली बच्चों का विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव बसंत ऋतु के आगमन के स्वागत का उत्सव है। पंचकूला के लोगों और बच्चों में इस उत्सव को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सरकारी कैक्टस गार्डन जहां हम बैठे हैं, ये एशिया का सबसे बड़ा कैक्टस गार्डन माना जाता है। इसमें कैक्टस की करीब 3500 किस्में हैं। उन्होंने कहा कि यह गार्डन एक ऐतिहासिक गार्डन है। इसके उपरांत उन्होंने श्री शिव कांवड़ महासंघ एवं जिला रेडक्रास सोसायटी द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनकी हौसला आफजाई की।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक अजीत बालाजी जोशी ने बताया कि उत्सव के दौरान गमले में लगे पौधों की प्रतियोगिता, कटे फूलों की व्यवस्था, रंगोली प्रतियोगिता और हेल्थ बेबी शो आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 13 मार्च को हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता द्वारा पुरस्कार वितरण समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोरोना काल अब समाप्त हो गया है, पंचकूलावासियों का उत्साह देखते हुए एचएसवीपी द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के समारोह का आयोजन होता रहेगा, ताकि कोरोना के उस बुरे काल को खुशी के उत्सव के रूप में बदला जा सके। इस मौके पर एचएसवीपी के संपदा अधिकारी राकेश संधू, मुख्य अभियंता हरिदत्त शर्मा, कार्यकारी अभियंता निधि भारद्वाज, एनके पायल, अमित राठी और एचएसवीपी के संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।