नेचर म्यूजियम एंड लर्निंग सेंटर को निहारते मंत्री संदीप सिंह।
- फोटो : PKL OFFICE
मोरनी। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एवं हरियाणा कैबिनेट व खेलमंत्री संदीप सिंह शुक्रवार को अचानक मोरनी पहुंचे। व्यक्तिगत टूर पर पहुंचे संदीप सिंह ने मौसम का आनंद लिया और पहाड़ों की सुंदरता को निहारते हुए ग्रामीणों की जीवनशैली को बारीकी से जाना। उनका आज का दौरा कोई अधिकारिक न होकर निजी रहा। मोरनी पहुंचने पर उन्होंने हाल के वर्षों में वन विभाग द्वारा पर्यटकों के लिए तैयार किए गए नेचर म्यूजियम एंड लर्निंग सेंटर का मुआयना किया और कलाकारों की ओर से तैयार की गई जंगली जानवरों की कलाकृतियों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि ऐसी कलाकृतियों से बच्चों को जंगली जानवरों की जीवनशैली के बारे पता चलता है। मोरनी की सुंदरता को लेकर उन्होंने कहा कि यह बेहद खूबसूरत जगह है यहां पर साफ सुथरा मौसम हर तरह से फायदेमंद है। इससे पूर्व मंत्री के मोरनी पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा वन विभाग के कर्मचारी पूरे सतर्क दिखे।
बारिश में सड़कों में भरा था पानी
इलाके की सड़कों की खस्ताहाल तस्वीर से जहां रोजाना आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है वहीं शुक्रवार को हरियाणा कैबिनेट व खेल मंत्री संदीप सिंह को भी झेलनी पड़ी। मंत्री जी का काफिला सड़कों पर जलभराव की स्थिती में रेंगता हुआ नजर आया। सड़कों की खस्ताहाल तस्वीर से मामूली सी बारिश में बनी जलभराव की स्थिती से आम दिनों में लोगों को होने वाली परेशानी का अंदाजा लगाया जा सकता है।