चंडीगढ़। पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले एथलीटों तेजिंदर पाल सिंह तूर और हरमिलन बैंस और एशियन चैंपियनशिप में पहली बार चैंपियन बनी भारतीय महिला बैडमिंटन टीम को रविवार को बधाई दी है। तेहरान में चल रही एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पंजाब के एथलीट तेजिंदर पाल सिंह तूर ने शॉटपुट मुकाबले और हरमिलन बैंस ने 1500 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीते। तेजिंदर तूर ने 19.72 मीटर गोला फेंक कर नया राष्ट्रीय रिकाॅर्ड भी बनाया। अपने शानदार खेल कॅरिअर में तूर इससे पहले बार दो बार एशियन गेम्स और तीन बार एशियन चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। 1500 मीटर में स्वर्ण पदक जीतने वाली हरमिलन ने पिछले साल एशियन गेम्स में दो रजत पदक जीते थे।
दूसरी तरफ मलयेशिया में बैडमिंटन एशियन टीम चैंपियनशिप में भारतीय महिला बैडमिंटन टीम ने फाइनल में थाईलैंड को 3-2 के साथ हरा कर स्वर्ण पदक जीता। भारतीय महिला टीम ने पहली बार एशियन चैंपियनशिप जीती है। पंजाब की तन्वी शर्मा इस टीम की सदस्य हैं।
खेल मंत्री मीत हेयर ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि पंजाब के लिए यह गौरव की बात है कि खेल के क्षेत्र में हमारे खिलाड़ियों के निरंतर अच्छे नतीजे आ रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब ने ऐसी खेल नीति बनाई है कि जिससे खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों के लिए तैयारी के लिए नकद राशि दी जा रही है और खिलाड़ियों को नकद इनाम भी मिल रहे हैं। यह साल खिलाड़ियों के लिए सबसे अहम है, क्योंकि अगस्त पेरिस में ओलंपिक होने हैं। ओलंपिक में हिस्सा लेने जाने वाले पंजाब के हर खिलाड़ी को 15 लाख रुपये तैयारी के लिए मिलेंगे।