पंचकूला। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में बुखार के बढ़ते मामलों को देखकर स्पेशल ओपीडी अगले हफ्ते से शुरू की जाएगी। इसके लिए पंचकूला स्वास्थ्य विभाग की तरफ से प्लान तैयार किया गया है। बुखार के मरीजों की संख्या ओपीडी सहित इमरजेंसी में बढ़ी है। पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6 में लगातार बुखार के छह सौ से अधिक मामले रोजाना आ रहे हैं। इसमें पंचकूला के अलावा इमरजेंसी में कालका, पिंजौर, मोरनी, रायपुररानी सहित पंजाब और चंडीगढ़ के लगते एरिया से भी मरीज आ रहे हैं।
पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6 के पीएमओ डॉ. उमेश मोदी ने बताया कि बुखार के बढ़ते मरीजों की संख्या के बाद उन्हें अच्छे इलाज की सुविधा देने के लिए यह फैसला लिया गया है। इमरजेंसी की ओपीडी में भी बुखार के लिए अलग से ओपीडी इसलिए लगाई जाएगी ताकि अन्य इमरजेंसी के आने वाले मरीजों को भी आसानी से इलाज मिल सके।