शहर के सभी वार्डों और सेक्टरों में चलेगा सफाई अभियान, जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। पंचकूला नगर निगम शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए विशेष सफाई अभियान शुरू करने जा रहा है। अभियान की शुरुआत वार्ड नंबर-1 से होगी, जिसके बाद क्रमवार सभी वार्डों और सेक्टरों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार को मेयर श्यामलाल बंसल ने पार्षदों के साथ बैठक कर विस्तृत रणनीति तैयार की।
बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, सफाई कार्यों की निगरानी बढ़ाने तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। मेयर श्यामलाल बंसल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शहर में सफाई व्यवस्था को मजबूत करना और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ''स्वच्छ भारत अभियान'' की भावना के अनुरूप संचालित किया जाएगा। नगर निगम का लक्ष्य पंचकूला को स्वच्छ, सुंदर और देश के अग्रणी स्वच्छ शहरों में शामिल करना है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, निगम अधिकारियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
मेयर ने बताया कि अभियान के दौरान वार्ड स्तर पर सफाई कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी। साथ ही लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जा सके।
बैठक में वार्ड नंबर-3 के पार्षद सुरेश वर्मा, वार्ड नंबर-4 के पार्षद भारत हितैषी, वार्ड नंबर-12 के पार्षद राकेश जगोता सहित अन्य पार्षद और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्डों में अभियान को सफल बनाने और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।