पंचकूला। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने सोमवार को शहर को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाने के लिए वार्ड नंबर-1 से सफाई अभियान का श्रीगणेश किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत शुरू के 15 दिन स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाएगा। शहर को स्वच्छ, सुंदर बनाए रखने के लिए पूरी कार्य योजना बना ली गई है। इस अभियान में मुख्य सूत्रधार नगर निगम का अमला रहेगा, जबकि हरियाणा शहरी विभाग प्राधिकरण, बागवानी विभाग, पीडब्ल्यूडी, जिला पुलिस समेत अन्य विभाग सहयोगी होंगी। सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में विधानसभा ने स्वच्छता पखवाड़ा की पूरी योजना साझा की।
विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने सोमवार की सुबह स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारंभ किया। नगर निगम के मेयर कुलभूषण गोयल, निगम आयुक्त धर्मवीर सिंह, निगम उपायुक्त दीपक सूरा और पार्षदों के साथ शहर के माता मनसा देवी कांप्लेक्स में स्थित गांधी कॉलोनी पहुंचे तो बड़ी संख्या में स्वयंसेवी संगठनों और संस्थानों से जुड़े पदाधिकारियों ने भी अभियान में शिरकत की। गुप्ता ने स्वयं घास काटने वाली मशीन और कस्सी से सड़क के किनारे से घास काटा।
वहां उन्होंने पौधा लगाकर पौधरोपण अभियान की शुरुआत भी की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता में भगवान का वास है, इसलिए हमें इस अभियान में पूरे मनोयोग से भाग लेना चाहिए। उन्होंने शहर के नागरिकों, रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशनों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक और धार्मिक संगठनों व अनेक सरकारी विभागों से भी इस महा अभियान में भाग लेने की अपील की। गौरतलब है कि स्वच्छता मुहिम विधान सभा अध्यक्ष के सात सरोकार में प्रमुखता से शामिल है।
इस अवसर पर पंचकूला नगर निगम के अधीक्षक अभियंता विजय गोयल, सीएसआई अविनाश सिंगला, वार्ड नंबर-1 से पार्षद नरेंद्र लुबाना, वार्ड नंबर 2 के पार्षद सुरेश वर्मा, वार्ड नंबर 4 से सोनिया सूद, वार्ड नंबर 5 से जय कौशिक, भाजपा जिलामहामंत्री परमजीत कौर, जिला उपाध्यक्ष उमेश सूद आदि उपस्थित रहे।
स्वच्छता में प्रथम रहने वाले वार्ड को दो लाख रुपये मिलेगा
सामाजिक और धार्मिक संगठनों व अनेक सरकारी विभागों से भी इस महाअभियान में भाग लेने की अपील की। अभियान में 10 नोडल अधिकारी, सीएसआई, छह एएसआई, 37 सुपरवाइजर और 850 कर्मचारी, तीन जेसीबी, 18 ट्रैक्टर ट्राली लगाई हैं। अभियान की निगरानी वार्ड पार्षद सहित पांच सदस्यीय कमेटी करेगी, जिसमें आरडब्ल्यूए प्रधान शामिल रहेंगे। स्वच्छता में प्रथम रहने वाले वार्ड को दो लाख रुपये, द्वितीय को एक लाख रुपये और तृतीय रहने वाले को 50 हजार रुपये इनाम दिया जाएगा।