चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने 13 अप्रैल को सुबह 11 बजे विधानसभा का सत्र बुलाया है। इससे पहले 16 मार्च को सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। विधानसभा के दौरान बेअदबी बिल पेश किया जा सकता है क्योंकि सरकार पहले ही साफ कर चुकी है कि जल्द ही इस बिल को मंजूरी दी जाएगी।
प्रस्तावित बिल में कड़ी सजा, भारी जुर्माना, संपत्ति जब्ती और डिजिटल माध्यम से किए गए अपराधों को भी शामिल करने की तैयारी की जा रही है। इस बिल का मसौदा संत समाज और कानूनी विशेषज्ञों से सलाह लेकर तैयार किया जा रहा है। सरकार ने साफ किया है कि इसमें बेअदबी के आरोपी के खिलाफ सख्त सजा का प्रावधान किया जाएगा। इससे पहले लीज होल्ड औद्योगिक प्लॉट/शेड को फ्रीहोल्ड में बदलने की नीति में संशोधन और पंजाब कॉमन इंफ्रास्ट्रक्चर (रेगुलेशन एंड मेंटेनेंस) (संशोधन) बिल 2026 को भी मंजूरी दी गई थी जिन पर भी चर्चा हो सकती है।