संवाद न्यूज एजेंसी
नडाला (कपूरथला)। सरकारी एलीमेंटरी स्कूल नडाला के पीछे स्थित हवेली में हाईवोल्टेज तारों में स्पार्किंग से आग लग गई। दोपहर करीब दो बजे लगी आग तेज हवा के चलने से भड़क गई और हवेली में रखी तूड़ी और अन्य सामान जलकर राख हो गया। इसकी सूचना पाकर नडाला पुलिस भुलत्थ से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गईं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी।
पीड़ित किसान भगवान सिंह निवासी नडाला ने बताया कि दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह हवेली में था। इसके साथ खाली प्लाट में शॉर्ट सर्किट से घास और तूड़ी में आग लग गई। जब आग बुझ गई और वह पास स्थित अपने घर चला गया तो कुछ देर बाद उसे सूचना मिली कि उसकी हवेली में रखी तूड़ी में आग लगी है। वह दौड़कर हवेली पहुंचा और वहां खूंटे से बंधे तीन मवेशियों की रस्सियां खोली और लोगों की मदद से आग बुझाना शुरू किया। इस दौरान फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। पीड़ित किसान भगवान सिंह ने बताया कि हमारी हवेली के ऊपर से हाई वोल्टेज तारें गुजरती हैं, जिन्हें हटाने के लिए उन्होंने कई बार बिजली विभाग से शिकायत की, कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने मांग की कि इन बिजली के तारों को यहां से तुरंत हटाया जाए।