संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। कभी बारिश कभी धूप निकलने और सड़कों पर जमा पानी से डेंगू मच्छरों की मात्रा बढ़ने के आसार बढ़ जाते है। इस कारण सेहत विभाग अभी से सतर्क हो गया है, ताकि जिले में अगर डेंगू मरीज अस्पताल में आता है तो उसका तुरंत इलाज हो सके। हालांकि जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या पिछले साल के मुताबिक कम ही रही है। बुखार के मरीज लगातार सरकारी व निजी अस्तपतालाें में पिछले एक सप्ताह से आ रहे है।
इस संदर्भ में सिविल सर्जन डॉ. किरणदीप कौर ने बताया कि बरसाती मौसम होने के चलते जिला मलेरिया अफसरों के अलावा डिस्पेंसरियों में तैनात डॉक्टरों, पेरामेडिकल स्टाफ और नर्सिंग स्टाफ को हिदायतें जारी की जा चुकी है कि वह स्लम एरियों के अलावा हरेक वार्ड में जाकर जहां बरसामी पानी जमा है, वहां पर दवा का छिड़काव करें, ताकि डेंगू मच्छर मर सके।
बरसात रुकने के 15-20 मिनट बाद सड़कों पर उतरेंगे अफसर : कमिश्नर
निगम कमिश्नर गुलप्रीत सिंह औलख ने बारिश के मौसम को ध्यान में रखते निगम के जोन में कार्यरत कर्मचारियों को आदेश दिए कि बारिश रुकने के तुरंत बाद 15-20 मिनट के बाद सड़कों का निरीक्षण करें और जहां भी पानी जमा हो, उसे तुरंत साफ किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां मैन्युअली पानी की निकासी संभव नहीं हो पाती, वहां सड़क किनारे बने चैंबरों की जांच की जाए। आपात स्थिति में निगम के पास मौजूद मशीनरी जैसे सुपर सकर, जेट पंप और सक्शन मशीन आदि के उपयोग के लिए इमरजेंसी ग्रुप भी बनाया गया है, जिसके तहत ये मशीनें हर समय तैयार रहेंगी और जिस सड़क पर भी जल निकासी की समस्या होगी वहां वाट्सऐप मैसेज के जरिए तुरंत मशीनें भेजकर जल निकासी करवाई जाएगी।