अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पटियाला की निजी कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं की कमियों का गंभीर नोटिस लेते हुए संबंधित बिल्डरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कहा कि ओमेक्स सिटी की समस्याओं का समाधान एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। मंत्री ने बुधवार को पीडीए कार्यालय पटियाला में अर्बन एस्टेट, कोहिनूर एनक्लेव, ओमेक्स सिटी, फ्रेंड्स कॉलोनी और जैलदार कॉलोनी की रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसाइटियों के प्रतिनिधियों और पुडा अधिकारियों के साथ बैठक की। मंत्री ने स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनीं। डॉ. बलबीर सिंह ने पुडा अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। मौके पर पीडीए की मुख्य प्रशासक मनीषा राणा, सीनियर डिप्टी मेयर हरिंदर कोहली व पार्षद जसबीर गांधी भी मौजूद रहे।
मंत्री ने कोहिनूर एनक्लेव में मूलभूत सुविधाओं की कमी पर बिल्डर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अर्बन एस्टेट के पार्कों की तत्काल सफाई के भी निर्देश दिए। बैठक में पीडीए अधिकारियों ने विकास कार्यों पर प्रगति रिपोर्ट पेश की। अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा किया जाएगा। मंत्री ने निर्देश दिए कि हर कार्य के लिए समयबद्ध एक्शन प्लान तैयार किया जाए।