क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। क्राइम ब्रांच-26 की टीम ने शराब तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से 70 पेटी शराब भी बरामद हुई है। सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां सुनवाई के बाद अदालत ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पकड़े गए तस्कर की पहचान मनीष शर्मा निवासी गांव रामगढ़ पंजाब काॅलोनी जिला मोहाली के रूप में हुई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह चंडीगढ़ से शराब खरीदकर हिमाचल और उत्तर प्रदेश में अवैध रूप से बेचने का काम करता था।
क्राइम ब्रांच-26 के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर मनदीप ने बताया कि अवैध शराब तस्करी की सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच की टीम गश्त पर थी। सूत्रों से सूचना मिली कि एक युवक चारपहिया वाहन में चंडीगढ़ से अवैध शराब लेकर माता मनसा देवी से होते हुए उत्तरप्रदेश व हिमाचल प्रदेश में सप्लाई करने जाएगा। टीम ने बताए स्थान के पास नाकाबंदी करते हुए गाड़ी पर रोककर युवक से पूछताछ की। गाड़ी की तलाशी लेने पर तिरपाल के नीचे से 70 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब मिली। इसमें कुल 840 बोतल शराब थी। आरोपी के खिलाफ थाना मनसा देवी में हरियाणा आबकारी अधिनियम 2020 की धारा 61(1)(A) के तहत केस दर्ज किया गया है।