चंडीगढ़। पंजाब में किसानों की फसलों को लंबे समय तक स्टोर करने के लिए छोटे कोल्ड स्टोर और पैक हाउस बनाए जाएंगे। शुक्रवार को कृषि बागवानी विभाग की समीक्षा के दौरान विभागीय मंत्री कुलदीप धालीवाल ने अधिकारियों को इस कार्ययोजना पर काम करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि टिशू कल्चर के जरिये पंजाब में फलों और सब्जियों की गुणवत्ता में सुधार भी किया जाएगा।
पंजाब भवन में राज्य के कृषि मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने एक उच्च स्तर प्रतिनिधिमंडल और कृषि और बागबानी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान दुनिया भर के कृषि माहिरों को न्योता दिया कि पंजाब के किसानों को गेहूं-धान के वैकल्पिक लाभप्रद हल के लिए सुझाव दें, जिनको लागू करने के लिए सरकार की तरफ से सहृदय यत्न किए जाएंगे।
कृषि मंत्री ने कहा कि सब्जियों और फलों में टिशू कल्चर को उत्साहित करने के लिए राज्य सरकार की तरफ से रोडमैप तैयार किया जा रहा, जिसके लिए माहिर अपने सुझाव कृषि विभाग के साथ साझा करें। मंत्री ने कहा कि फलों और सब्जियों की पैदावर और मानक को बढ़ाने के लिए राज्य में टिशू कल्चर को उत्साहित किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि फल और सब्जियाें को बहुत समय तक संभालकर नहीं रखा जा सकता। राज्य से दूर-दूराज देश और विदेशों में फल और सब्जियां भेजना सस्ता नहीं पड़ता, क्योंकि राज्य की सरहदों से बंदरगाहें बहुत दूर हैं और पहले बंदरगाह पहुंचने में कई-कई दिन लग जाते हैं और उसके बाद समुंदरी रास्ते के द्वारा दूसरे देशों तक पहुंचने में कई दिन लग जाते हैं, तब तक फल और सब्जियां खराब हो जाती हैं। इसी तरह हवाई जहाजों के जरिये फल और सब्जियां भेजना भी किसानों को किफायती नहीं पड़ता, क्योंकि हवाई जहाज के जरिये खर्च ही बहुत पड़ जाता है।
कुलदीप धालीवाल ने कहा कि राज्य में ही सीधा मंडीकरण ढांचा खड़ा करने के लिए भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार की ओर से राज्य में किसानों के लिए छोटे कोल्ड स्टोर और पैक हाउस बनाए जाएंगे, जिससे किसान फलों और सब्जियों को कई दिन संभाल कर रखा जा सके और बढ़िया मूल्य पर किसान सीधा उपभोक्ताओं को बेच सकें। इस मौके पर कृषि विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सरवजीत सिंह, डायरेक्टर गुरविंदर सिंह, बागवानी विभाग की डायरेक्टर डॉ. सलिंदर कौर, केंद्रीय कृषि मंत्रालय से हरप्रीत सिंह, कृषि माहिर डॉ. एसएन चंडाक और अमित भारद्वाज भी उपस्थित थे।