सेक्टर-1 और 2 के बीच टी-प्वाइंट पर हादसों को रोकने के लिए ब्लिंकर लगाने को कहा
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। अमरटैक्स चौक पर यातायात के दबाव को देखकर स्लिप रोड बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस संबंध में डीसी सुशील सारवान ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। इस स्लिप रोड का उद्देश्य ट्रैफिक को कम करना और यातायात को सुगम बनाना होगा। सेक्टर-1 के लघु सचिवालय के सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक में डीसी ने अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने लघु सचिवालय की तरफ से सेक्टर-1 और 2 के बीच टी-प्वाइंट को ज्यादा ट्रैफिक होने के कारण संवेदनशील बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी दुर्भाग्यपूर्ण घटना को रोकने के लिए यहां ब्लिंकर लगाने की आवश्यकता है।
उपायुक्त ने कहा कि ट्रैफिक लाइटों का अभी कुछ बिंदुओं पर वास्तविक यातायात प्रवाह के साथ पर्याप्त रूप से तालमेल नहीं है। इससे ऐसे स्थानों पर यातायात संचालन में बाधा होती है। इससे निपटने और निर्बाध यातायात प्रवाह को सुविधाजनक बनाने के लिए एनएचएआई और अन्य संबंधित अधिकारियों को जल्दी से जल्दी इनको दुरूस्त करना चाहिए। उपायुक्त ने सड़क किनारे सफेद पट्टी और घुमावदार मोड़ पर रिफक्लेक्टर और सड़क पर स्पीड ब्रेकर को ठीक करने और नए लगाने के लिए एनचएएआई, एचएसवीपी, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के अधिकारियों को अपने संबंधित क्षेत्र में रोड पर स्ट्रीट लाइट व अन्य कार्य को जल्दी से जल्दी पूरा करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने सड़कों पर आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए नगर निगम को ड्राइव चलाकर गोशाला और नंदीशालाओं में शिफ्ट करने आदेश दिए।