पंचकूला। जिले में मंगलवार को कोरोना के छह नए संक्रमित मरीज मिले हैं। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 21 हो गई है। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि सभी 21 मरीज अपने घरों पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। जिले में कोरोना मरीज मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से रविवार को 362 सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
इनकी रिपोर्ट बुधवार को आएगी। कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 44194 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 43759 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। 414 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 617304 लोगों के सैंपल जांचे हैं।
पंचकूला सीएमओ मुक्ता कुमार ने लोगों से अपील कर कहा है कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियम का लोग पालन करें। इसके अलावा लोग टीकाकरण करवाकर अपने आप को सुरक्षित रखें। उन्होंने लोगों से अपील कर कहा कि दो गज की दूरी, मास्क है जरूरी नियम का पालन करें, जिससे कि वह अपने आप को कोराना से बचा सकें। वहीं पंचकूला में 12 से 14 साल के बच्चों का टीकाकरण अब तक 53.2 फीसदी हो चुका है। 15 से 17 साल के युवाओं का 84.7 फीसदी किया गया है। पंचकूला सीएमओ मुक्ता कुमार ने अपील की है कि लोग टीकाकरण में भाग लेकर अपने को कोरोना से बचा सकते हैं। सभी को टीकाकरण करवाना चाहिए।