रायपुररानी। रायपुररानी के नेताजी स्टेडियम में छह दिवसीय खंड स्तरीय स्कूली खेलों का आगाज हुआ। इन खेलों में 11 से 19 वर्षीय आयु वर्ग के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी और एथलेटिक्स जैसे खेलों के माध्यम से बच्चों में जोश और प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिल रहा है। यह आयोजन ब्लॉक की जोनल सेक्रेटरी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूड़ की प्राचार्य सुनीता मलिक की अध्यक्षता में किया जा रहा है। जानकारी अनुसार 2 अगस्त तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में सभी सरकारी और निजी स्कूलों के छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में सरपंच परमजीत कौर, नंबरदार दिलीप कुमार, भाजपा नेता सतीश सैनी और पूर्व सरपंच मुकेश छाबड़ा ने बच्चों को प्रोत्साहित किया। खेलों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सुनीता मलिक द्वारा पीटीआई और डीपीई की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही खेल प्रतियोगिताओं के दौरान ग्राम पंचायत ने रिफ्रेशमेंट की विशेष सुविधा की। इस मौके पर विरेंद्र सैनी, सुनील कुमार, विपिन कुमार, रविंद्र कुमार, राजवीर, रूबी, सरोज बाला, दिनेश कुमार, हुकुमचंद, रोहित शर्मा और प्रवीण कुमार सहित पुलिस बल भी मौजूद रहा।