सेक्टर-4 एमडीसी, रोड भवन के समीप से थाना मनसा देवी पुलिस ने गुप्त सूचना पर छह लोगों को जुआ खेलते रंगेहाथ काबू करने में कामयाबी हासिल की। आरोपियों के कब्जे से मौके पर ली गई तलाशी में कुल 51,110 रुपयेे रिकवर हुए हैं। हत्थे चढ़े आरोपियों में मनीमाजरा के मोरी गेट निवासी संजीव, मनीमाजरा के ही डेरा साहिब गुरुद्वारा साहिब निवासी रंजीत सिंह, गांव सकेतड़ी निवासी बलविन्द्र सिंह, पंचकूला के सेक्टर-20 निवासी अशीन मित्तल, सेक्टर-4 एमडीसी निवासी प्रेम सिंह और गांव सकेतड़ी निवासी सुखदेव सिंह शामिल हैं। दरअसल, थाना मनसा देवी के पुलिसकर्मी गश्त ड्यूटी पर थे। उसी दौरान पुलिस को एक व्यक्ति से सूचना मिली कि उक्त सभी आरोपी सेक्टर-4 एमडीसी, रोड भवन के समीप जुआ खेल रहे हैं। सूचना पुख्ता होने पर पुलिसकर्मियों ने छापेमारी कर सभी छह आरोपियों को काबू कर उनके कब्जे से उक्त रकम रिकवर की। थाना मनसा देवी में आरोपियों पर गेम्बलिंग एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ कर जुआ खेलने वाले उनके अन्य साथियों का पता लगाने के प्रयास किए।