पंचकूला। यूको बैंक की एनपीए (नॉन-परफॉर्मिंग एसेट) संपत्ति पर निवेश के नाम पर ठगी के मामले में आरोपी संगीता दुआ के पति नितिन दुआ को कोर्ट में पेश कर मंगलवार को जेल भेज दिया है। ठगी की मास्टरमाइंड संगीता दुआ को सेक्टर-7 पुलिस ने चार दिन के रिमांड पर लिया है। सोमवार को दंपती से तीन घंटे तक पूछताछ करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया था। अब एसआईटी की नजर यूकों बैंक के अधिकारियों पर टिक गई है। पुलिस टीम को जांच में अहम सुराग हाथ लगे हैं।
पुलिस अब ठगी से जुड़े बैंक अधिकारियों और एनपीए संपत्ति में निवेश करने वाले निवेशकों से पूछताछ कर सकती है। महिला थाने में आरोपी संगीता दुआ को पूछताछ के लिए रखा गया है। एसआईटी की टीम लगातार मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार अन्य जिलों में मिलने वाली शिकायतों की भी जांच की जाएगी। नाम न छापने की शर्त पर अधिकारी ने बताया कि ठगी से जुड़े निवेशकों के अलावा यूको बैंक करनाल और पंचकूला के सेक्टर-8 के संदिग्ध बैंक अधिकारियों से पूछताछ की जा सकती है। बैंक में काम करने वाले अधिकारी किस तरह से मिलकर संगीता को संपत्ति के बारे बताते थे, इसके बारे में पता लगाया जा रहा है। इसके अलावा उन निवेशकों से पूछताछ होगी, जिन्होंने बिना किसी प्रूफ के रुपये निवेश किए थे।