गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के खिलाफ सिंह साहिबों ने किया प्रदर्शन
सदस्यों पर लगाया बिजली कनेक्शन और गेट पर ताला लगाने का आरोप, डीसी को सौंपा ज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। सेक्टर-7 स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में कार्यरत पाठी ने बच्चों के साथ मिनी सचिवालय के सामने इंसाफ की गुहार लगाकर प्रदर्शन कर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। गुरुद्वारा साहिब के पाठी मित्तर सिंह, राजवीर सिंह और बलविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने गुरुद्वारा साहिब में बने उनके कमरों की बिजली काट दी है। इससे गर्मी में उनके बच्चे झुलसने को मजबूर हैं।
उन्होंने बताया कि 2014 से वह परिवार समेत गुरुद्वारा साहिब में रह रहे हैं। जून 2019 में गुरुद्वारा साहिब कमेटी के प्रधान सरदार कुलजीत सिंह की तरफ से उन्हें मासिक वेतन पर रखा गया था। इसके बाद कुछ लोगों का प्रबंधक कमेटी से विवाद हो गया और उन्होंने गुरुद्वारा साहिब पर कब्जा जमा लिया। जुलाई 2019 से लेकर अब तक उन्हें वेतन नहीं दिया गया और मानसिक तौर पर परेशान किया जा रहा है। उक्त लोगों ने 3 जुलाई को गुरुद्वारा साहिब में बने उनके कमरों की बिजली काट दी और सभी गेटों पर ताला लगा दिया।
आरोप है कि उक्त लोग उसको 90 हजार रुपये देकर गुरुद्वारा साहिब छोड़कर जाने को कह रहे हैं। वेतन की मांग करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पाठी ने आरोप लगाया है कि तीन जुलाई की शाम करीब पांच बजे वह गुरुद्वारा साहिब का गेट फांदकर सेक्टर-7 पुलिस चौकी में अपनी फरियाद लेकर गया। चौकी एएसआई नरिंदर कुमार के सामने बिजली कनेक्शन काटने वाले कंवरपाल सिंह दुआ और सतिंदरपाल सिंह ने अपना जुर्म कबूल किया। इसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने उपायुक्त से गुरुद्वारा साहिब के सभी कमरों की बिजली आपूर्ति बहाल करवाने और गेट के ताले खुलवाने की मांग की है।
कमेटी ने लगाए कब्जा करने और बिजली-पानी का बिल नहीं देने के आरोप
पंचकूला। सेक्टर-7 स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा प्रबंधक कमेटी ने पाठी द्वारा लगाए आरोपों को गलत करार दिया है। कमेटी का कहना है कि गुरुद्वारे के सेवादार मित्र सिंह, बलविंदर सिंह और राजबीर सिंह द्वारा गुरुद्वारे में लड़ाई झगड़े का माहौल बना रखा है। मैनेजमेंट का आरोप है कि गुरुद्वारे के पूर्व कमेटी के सदस्यों द्वारा इन सेवादारों को सह दी जा रही है। प्रधान कंवरपाल सिंह ने बताया की सेवादारों को जुलाई 2019 को सेवा मुक्त कर दिया गया था। ये लोग कोर्ट में स्टे लेने गए लेकिन कोर्ट ने याचिका को नामंजूर कर दिया। इसके बाद भी उक्त लोग गुरुद्वारे पर कब्जा किए हुए हैं। जनरल सेक्रेटरी प्रिंसिपल पीएस सांगा ने बताया कि जब भी मैनेजमेंट द्वारा इन लोगों को गुरुद्वारे के कमरे खाली करने और बिजली-पानी का बिल देने के लिए कहा जाता है तो यह धमकी देते हैं। इतना ही नहीं पुलिस में झूठी शिकायत करने की बात कहते हैं। इससे पहले भी पूर्व सेवादार मित्र सिंह, राजवीर सिंह और बलविंदर सिंह के खिलाफ गुरुद्वारे के ऑफिस का दरवाजा खोल कर जरूरी कागजात चोरी करने की शिकायत प्रधान कवर पाल सिंह ने सेक्टर-7 चौकी में करवाई थी। एक और मामले में उन्होंने सेवादार राजवीर के खिलाफ गुरुद्वारे का कबाड़ का लाखों रुपये का सामान बेचकर पैसे जमा ना करवाने की शिकायत करवाई थी। तीनों पूर्व सेवादारों के खिलाफ 24 दिसंबर 2019 को गुरुद्वारे के ग्रंथी सिंह जतिंदर सिंह और कथा वाचक इकबाल सिंह के साथ मारपीट करने पर सेक्टर-7 की चौकी में मामला दर्ज हुआ था।