चंडीगढ़। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने भारत की रुरल ओलंपिक्स के नाम से जानी जाती किला रायपुर खेलों में बैलगाड़ियों की दौड़ को दोबारा शुरू कराने की मांग करते हुए नई दिल्ली में केंद्रीय आवास और शहरी मामलों व पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की। शेरगिल ने बताया कि बैठक के दौरान उन्होंने पुरी से द प्रिवेंशन ऑफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स (पंजाब अमेंडमेंट) बिल 2019 को राष्ट्रपति से मंजूरी दिलाने का अनुरोध किया है, जिससे वार्षिक किला रायपुर रुरल ओलंपिक्स में बैलगाड़ियों की दौड़ दोबारा शुरू करवाने की उम्मीद जगी है।
शेरगिल ने बताया कि बैलगाड़ियों की दौड़ बीते कई दशकों से पंजाब और पंजाबियत से जुड़े उसके कल्चर और विरासत का अहम मुद्दा है। इस दिशा में जिला लुधियाना के गांव किला रायपुर में इन खेलों का आयोजन साल 1933 से किया जा रहा है। वर्तमान में इन खेलों को दुनिया भर में मिनी ओलंपिक के नाम से जाना जाता है। शेरगिल ने पुरी को बताया कि पंजाब में बैलगाड़ियों की दौड़ की लोकप्रियता और उनके ऐतिहासिक व सांस्कृतिक महत्व के चलते पंजाब विधानसभा द्वारा द प्रिवेंशन ऑफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स (पंजाब अमेंडमेंट) बिल 2019 पास करके मंजूरी के लिए राष्ट्रपति के पास भेजा गया था, लेकिन अभी तक भारत सरकार की ओर से बैलगाड़ियों की दौड़ को दोबारा शुरू करने की मंजूरी नहीं मिली है।
उन्होंने यह भी बताया कि बैलगाड़ियों की दौड़ किला रायपुर गांव (लुधियाना) में ही नहीं, बल्कि पंजाब के लगभग 80 प्रतिशत गांवों में भी खेली जाती है, जिनकी संख्या करीब 12000 है। इस खेल की दोबारा अनुमति देने से न केवल किला रायपुर गांव, बल्कि इस खेल से भावनात्मक रूप से जुड़े पंजाब के हर गांव पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने पुरी से द प्रिवेंशन ऑफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स (पंजाब अमेंडमेंट) बिल 2019 पर मंजूरी दिलाने के लिए यथासंभव कोशिश करने का अनुरोध किया, ताकि हमारी पुरानी गौरवशाली विरासत बची रहे। बैठक के बाद शेरगिल ने कहा कि पुरी ने इस मामले पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है और आश्वासन दिया है कि वह इस महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाएंगे, ताकि जल्द मंजूरी मिल सके।