पंचकूला। सोशल मीडिया के जरिए साइबर ठगी से बचाव और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने वाली पंचकूला निवासी इन्फ्लुएंसर शालू गुप्ता को रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3080 ने सम्मानित किया। उत्कर्ष 100 डेज ऑफ अनस्टॉपेबल कार्यक्रम में उन्हें सामाजिक बदलाव में योगदान के लिए आमंत्रित छह इन्फ्लुएंसर्स में शामिल किया गया।
पैनल चर्चा में शालू ने साइबर अपराधों से बचाव, वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत और सोशल मीडिया के जिम्मेदार इस्तेमाल पर जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क कर आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
उन्होंने जरूरतमंद और कमजोर वर्गों की मदद के लिए समय निकालने की अपील भी की। कार्यक्रम में रोटरी के 100 दिवसीय सेवा अभियान की उपलब्धियां साझा की गईं। आयोजकों के अनुसार, एक दिन में 90 रक्तदान शिविरों के जरिए छह हजार से अधिक यूनिट रक्त एकत्र किया गया।