3-लैप इनलाइन स्पीड रेस में देशभर के स्केटर्स को पछाड़ारोलिंग टाइगर्स के कोच चंदर सिंगल की देखरेख में चल रहा प्रशिक्षण
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पंचकूला के 7 वर्षीय स्केटर वीहान खुल्लर ने विशाखापट्टनम में आयोजित 63वीं राष्ट्रीय स्केटिंग चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर शहर का नाम रोशन कर दिया। वीहान ने 6-8 वर्ष आयु वर्ग की 3-लैप इनलाइन स्पीड स्केटिंग रेस में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
देशभर के शीर्ष स्केटर्स की मौजूदगी वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वीहान ने अपनी गति, नियंत्रण और मानसिक दृढ़ता से सबको पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पर कब्जा जमाया। यह चैंपियनशिप रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (आरएसएफआई) द्वारा आयोजित की गई थी।
वीहान पिछले दो वर्षों से रोलिंग टाइगर्स के कोच चंदर सिंगल के मार्गदर्शन में सेक्टर-22 स्थित नेशनल स्केटिंग रिंक पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं। नियमित अभ्यास और अनुशासित प्रशिक्षण ने ही उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर यह पहली बड़ी सफलता दिलाई है।
उनकी उपलब्धि पर माता-पिता, कोच और हंसराज पब्लिक स्कूल के प्रबंधन ने बधाई दी है। वीहान की यह जीत न सिर्फ उनकी मेहनत का नतीजा है, बल्कि आने वाली युवा पीढ़ी के लिए भी बड़ी प्रेरणा बनेगी।