पंचकूला-यमुनानगर राष्ट्रीय राजमार्ग 7 पर स्थित गांव रिहौड़ के पास बुधवार देर शाम मुर्गी खाद से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में ट्रॉली पर बैठे सात मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 के पुलिस कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर घायल मजदूरों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरवाला पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सेक्टर-6 पंचकूला नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, गांव परागपुर जिला एसएस नगर मोहाली पंजाब की एक ट्रैक्टर ट्रॉली मुर्गी के खाद से भरी मौली की तरफ से बरवाला की तरफ आ रही थी। जैसे ही यह ट्रैक्टर ट्रॉली हाईवे पर स्थित गांव रिहौड़ के पास पहुंची तो चालक का ट्रैक्टर ट्रॉली से संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई।
इस हादसे में ट्रॉली के ऊपर बैठे मजदूर नंदलाल, विनोद कुमार, धर्मेंद्र को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, मांगू राम, गजेंद्र, लाल बहादुर, धर्मवीर को हल्की चोटें लगी हैं जिनका नागरिक अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला में उपचार चल रहा है।