पंचकूला। सेक्टर-19 में घर से नकदी और मोबाइल चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश राय निवासी रामगढ़ के रूप में हुई है। दूसरे मामले में आरोपी सोनू उर्फ सन्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों से सात मोबाइल, एक घड़ी और चोरी की स्कूटी बरामद की है। पुलिस ने बताया कि आरोपी रमेश राय को गिरफ्तार कर जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर भेजा है। अन्य आरोपी सोनू कुमार को लालड़ू से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसे वीरवार को जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दो आरोपियों को काबू किया। दोनों आरोपी बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं। जांच में सामने आया कि दोनों ने लालड़ू पंजाब में ठिकाना बनाया हुआ है। वहां चोरी का सामान का स्टोर करते थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ पंचकूला के विभिन्न थानों वर्ष 2022 से चोरी के चार मामले दर्ज हैं। कोर्ट ने इनके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया था।