बरवाला। गांव टिब्बी में सोमवार सुबह ग्राम पंचायत की ओर से लगाए गए डस्टबिन में एक नवजात बच्ची के मिलने का मामला सामने आया है।
लुहारों वाले मोहल्ले के सुभाष धीमान ने बताया कि उनके घर के बाहर गली में ग्राम पंचायत का एक डस्टबिन लगा हुआ है। सुबह उनके बेटे गुरदीप ने डस्टबिन में एक नवजात बच्ची को पड़े देखा और इसकी सूचना अपने घर वालों व आस-पड़ोस के लोगों को दी। उसके बाद इसकी सूचना गांव की सरपंच उषा रानी के पति चरण सिंह को दी गई। उन्होंने इसकी सूचना रामगढ़ पुलिस चौकी में दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को कब्जे में लेकर नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोट पहुंचाया। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को सेक्टर 6 नागरिक हॉस्पिटल पंचकूला भेज दिया गया। जहां पर बच्ची का उपचार किया जा रहा है। रामगढ़ पुलिस चौकी के एएसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस व स्वास्थ्य विभाग इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बच्ची किसकी है और डस्टबिन में क्यों गिराया गया है।