पंचकूला। सेक्टर-15 स्थित सीनियर सिटीजन कौंसिल की ओर से अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 94 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। 30 सितंबर तक 80, 90 और 95 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सदस्यों को दुपट्टा और स्मृति चिह्न भेंट किए गए। समारोह में वरिष्ठ नागरिकों के जीवनभर के योगदान, अनुभवों और उपलब्धियों को सराहा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि इंड स्विफ्ट लेबोरेटरीज लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. एनआर मुंजाल ने कौंसिल के पदाधिकारियों और प्रबंध समिति के सदस्यों के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। महासचिव अविनाश मेहता ने मुख्य अतिथि, सम्मानित सदस्यों और उनके परिजनों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव और संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं।
कौंसिल के उपाध्यक्ष एसएल मित्तल ने डॉ. एनआर मुंजाल के सामाजिक कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि यह समारोह केवल सम्मान का अवसर नहीं, बल्कि जीवनभर के अनुभव और साधना को नमन करने का प्रयास है। वरिष्ठ नागरिकों का मार्गदर्शन परिवार, समाज और देश के लिए महत्वपूर्ण है।
मुख्य अतिथि ने सम्मानित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। सचिव एचसी गेरा और वित्त सचिव जय पाल गर्ग ने आयोजन में सहयोग दिया। विभिन्न सेक्टरों के चेयरपर्सनों ने भी भाग लिया। मीडिया प्रभारी सुनील मिनोचा ने कहा कि ऐसे आयोजन वरिष्ठ नागरिकों में आत्मसम्मान और अपनत्व की भावना बढ़ाते हैं। समारोह का समापन सभी के सुखी और स्वस्थ जीवन की कामना के साथ हुआ।